सभी आध्यात्मिक जगत की सबसे बेहतरीन ख़बरें
ब्रेकिंग
हम सभी के पास अपने जीवन को आकार देने और भाग्य बनाने की शक्ति है: रेवती कांत सभी बीमारियों की एक ही दवा है राजयोग मेडिटेशन: स्वामी प्रेमानंद गिरी महाराज आज समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी विश्वास की बहुत आवश्यकता है: राजयोगी करुणा भाई इस बार अपने व्यक्तित्व को नया रूप देने का संकल्प करें: राजयोगिनी बीके जयंती दीदी हमारे अंतर्मन का दीप सदैव प्रज्वलित रहे: मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी मोहिनी दीदी देश-विदेश में ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्रों पर उमंग-उत्साह से मनाई जाएगी योगमय दीपावली अधिकार पद से मिलता है, सम्मान आचरण से अर्जित होता है: मंत्री डॉ. मंजू बाघमार
मन का संसार और मौन

मन का संसार और मौन

नई राहें

शिव आमंत्रण, आबू रोड (राजस्थान)। मन को हम जितना गहराई से समझते जाते हैं, अंतर्मन की गहराई से नई परतें निकलती जाती है। मन का संसार जितना गहरा, विशाल और अथाह है उतना ही सरल और आसान है। सूचनाओं की बाढ़ से मन की धारा अनचाही दिशा में बह रही है। हम बिना सोचे-समझे मन के सागर में व्यर्थ की गागर भरते जा रहे हैं। पल-पल आते नोटिफिकेशन पर अनचाहे ही अंगुलियां यूं ही बढ़ जाती हैं, भले वह जानकारी उपयोगी है या नहीं, यह मायने नहीं रखता। नकारात्मक सूचनाओं से मन इतना लद गया है कि वह इनके बोझ से कराह रहा है, इनका भार ढोते-ढोते थक गया है, कमजोर हो गया है। परिणामस्वरूप आज तेजी
से याददाश्त की कमी और भूलने की बीमारी आम समस्या बन गई है। यहां विचारणीय प्रश्न है कि हम शरीर के लिए व्रत तो रखते हैं, क्या मन का भी व्रत रखते हैं? क्या रोज कुछ घंटे सूचनाओं के सागर से दूर रह पाते हैं? क्या कुछ समय मन को आराम देने, रिलेक्स होने के लिए भी देते हैं? शरीर की तरह मन के स्वास्थ्य पर भी ध्यान देते हैं? मन की शांति के लिए सार्थक कदम उठाते हैं? सप्ताह में एक दिन डिजिटल वर्ल्ड, सोशल मीडिया से दूर रह पाते हैं? मन के मौन के लिए भी कोई कार्ययोजना बनाई है? मन से जुड़े यह वह प्रश्न हैं जिन्हें जानना और समझना हर किसी की जरूरत है। मन ही जीवन का वह केंद्रबिंदु है जहां से समस्याओं की रचना होती है। समस्याएं मन में बुनी गईं वह रचना है जिनके रचनाकार हम खुद हैं। मन को साधने के प्रति जितने सजग, समझदार और सचेत रहेंगे, जीवन उतना ही आनंद और सुकून भरा होगा। हमें बचपन से शरीर विज्ञान के बारे में सिखाया गया, कहीं न कहीं मन के विज्ञान के बारे में गहराई से जानने में कमी रह गई। वर्तमान परिस्थितियों में आज बच्चों को भौतिक शिक्षा की साथ-साथ मेंटल हेल्थ की शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। दुनिया की तमाम समस्याओं की जड़ और उत्पत्ति का मूल कारण भी विकृत मानसिकता और अस्वस्थ मन ही है। यदि उसकी शक्ति को बढ़ाना है, धार देना है तो पल-पल उसकी देखभाल के लिए देना होंगे। जब हम उसका ख्याल रखना सीख जाते हैं, सकारात्मक दिशा देने में सक्षम हो जाते तो एक समय के बाद मन को उस दिशा में चलने की आदत बन जाती है। आज जरूरत है तो मन में आने वाले हर विचार का परीक्षण करने की, ताकि समुचित पहलुओं को देखते हुए मूर्तरूप दिया जा सके।

मन को मारें नहीं सुधारें
मन को मारें नहीं सुधारें। जो बातें या चीजें हमारे लिए नुकसानदायक हैं, हमें तकलीफ देती हैं उनसे दूर रहने के लिए मन को गाइड करना होगा। उसे सुझाव देना होगा कि कैसे हम उन चीजों से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। मन में जब भी नकारात्मक और हिंसक विचार उत्पन्न होता है तो अंतर्मन उस विचार के सामने एक सकारात्मक विचार भी देता है लेकिन जब हम विचारों के चुनाव में लापरवाह, गैरजिम्मेदार होते हैं तो मन नकारात्मक विचार स्वीकार कर लेता है। जब निरंतर एक तरह के विचार नकारात्मक या सकारात्मक विचारों की धारा मन में प्रवाहित रहती है तो वह उस धारा के साथ चलने की आदत बन जाती है। कुछ समय बाद उसमें अंतर्मन रम जाता है। यही अवस्था आदत में बदल जाती है। दुनिया में जितने भी महान लोग हुए हैं उन्होंने सबसे पहले अपने मन को सही दिशा दी है, उसे अपने श्रेष्ठ लक्ष्य को पाने की दिशा में सदा एकाग्र रखा है। जिसकी बदौलत वह उस महान लक्ष्य तक पहुंच सके और दुनिया के सामने आदर्श प्रस्तुत कर पाए। ध्यान, राजयोग मेडिटेशन मन का भोजन है। इसमें यदि मौन को
समाहित कर लिया जाए तो सोने पर सुहागा। मन को जब आत्म स्वरूप में स्थित कर परमात्म स्वरूप पर केंद्रित करते हैं तो अंतर्मन की शक्तियां पुन: जागृत होने लगती हैं। बिना ध्यान के मन का स्वास्थ्य और संतुलन संभव नहीं है। ध्यान और मन एक-दूसरे के पूरक हैं।
मौन से ही निकलते हैं नए सिद्धांत
ज्ञानी पुरुष मन के मौन को प्राथमिकता देते हैं। एकांत में जब एक विचार को लेकर मौन के सागर में गोता लगाते हैं तो अंतर्मन की गुफा से नए-नए विचारों का उद्भव होता है। मन को शक्तिशाली बनाने के लिए ध्यान, मां प्रकृति का सान्निध्य, सद्साहित्य या या धर्मग्रंथ का नियमित अध्ययन, एकांत में मनन-चिंतन वह औजार हैं जो मन की सोई शक्तियों को पुन: जागृत कर शक्तिशाली मन का निर्माण करने की दिशा में सबसे कारगर हैं। इसके लिए हमें सूचनाओं को सीमित करना होगा और जरूरी सूचनाओं को ही ग्रहण करने की गाइडलाइन बनाना होगी। जैसे ही मन में नवीन या रचनात्मक विचार आए तो उसे डायरी में नोट करना न भूलें। इन उपायों से निश्चिततौर पर मन हमारे नियंत्रण में आ जाता है और हम उसके मालिक बन उसे आदेश देने के काबिल हो जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें और भी