– रेवती कांत ने कहा कि हम प्रतिदिन अपने विचारों को आकार दे रहे हैं
– द्वितीय डिजाइन एवं इनोवेशन सम्मेलन का शुभारंभ
– देशभर से डिजाइन और इनोवेशन से जुड़े इंजीनियर्स, डिजाइनर्स से ले रहे हैं भाग

शिव आमंत्रण, आबू रोड (राजस्थान)। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के मनमोहिनीवन परिसर स्थित ग्लोबल ऑडिटोरियम में डिजाइन एवं इनोवेशन विंग के द्वारा चार दिवसीय द्वितीय डिजाइन एवं इनोवेशन सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देशभर से डिजाइनर्स, इंजीनियर्स आदि भाग ले रहे हैं।
सम्मेलन के शुभारंभ पर अपने भाग्य का निर्माण स्वयं करें विषय पर संबोेधित करते हुए मुख्य अतिथि टाइटन कंपनी की मुख्य डिजाइन अधिकारी एवं कार्यकारी उपाध्यक्ष रेवती कांत ने कहा कि आपने डिजाइन और आध्यात्मिकता इन दोनों परिवर्तनकारी शक्तियों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि इन दोनों का संगम हम सभी के सोचने, समझने और जीवन को देखने के दृष्टिकोण में बहुत बड़ा बदलाव लाएगा। जब हम डिजाइन की बात करते हैं, तो सामान्यतः हमारे मन में उत्पादों की डिजाइन, सिस्टम डिजाइन या बिजनेस मॉडल डिजाइन जैसी बातें आती हैं। हम अक्सर डिजाइन को इन्हीं क्षेत्रों तक सीमित करके देखते हैं। लेकिन एक बात हमने अनुभव की है कि डिजाइन वास्तव में हमारे जीवन के बहुत करीब है। यह हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है। हममें से प्रत्येक व्यक्ति, चाहे वह पेशे से डिजाइनर हो या नहीं, हर दिन, हर पल कुछ न कुछ डिजाइन कर रहा है।
रेवती कांत ने कहा कि हम प्रतिदिन अपने विचारों को आकार दे रहे हैं। अपने विकल्पों और निर्णयों को निर्धारित कर रहे हैं। अपने आसपास के लोगों पर पड़ने वाले प्रभाव को तय कर रहे हैं। दूसरों के साथ अपने व्यवहार और संबंधों को भी अपने तरीके से गढ़ रहे हैं। इसलिए हममें से प्रत्येक व्यक्ति अपने आप में एक डिजाइनर है। हम सभी के पास अपने जीवन को आकार देने और अपना भाग्य स्वयं बनाने की शक्ति है। अब यदि हम नवाचार और उसके उद्देश्य की बात करें, तो इसमें उद्देश्य की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

ब्रह्माकुमारीज की शिक्षाओं को धारण करेंगे तो बदलाव जरूर आएगा-
रेवती कांत ने कहा कि डिजाइन व्यवसाय को बदलने की शक्ति रखता है, उसी प्रकार ब्रह्माकुमारीज संस्थान की आध्यात्मिकता संपूर्ण मानवता को परिवर्तित करने की शक्ति रखती है। मैं ब्रह्माकुमारीज की शिक्षाओं को भी बहुत सुनती हूं। आप लोग जीवन से जुड़ी इतनी महत्वपूर्ण बातें बताते हैं। यदि हम उन शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं और उनका अनुसरण करें, तो निश्चित रूप से जीवन में बड़ा बदलाव आ सकता है। यहां जाना कि जीवन में पहाड़ जैसी बड़ी बाधा भी आ जाए, तो हम उसे राई के समान छोटा कैसे समझें और उसका सामना कैसे करें। यही वह परिवर्तन है, जिसे हम अपने भीतर लाने का प्रयास कर रहे हैं। जब हमारे सामने कोई कठिन परिस्थिति आती है, तो हम उससे किस प्रकार निपटते हैं, यह बहुत महत्वपूर्ण है। मेरे विचार से यही वह आंतरिक परिवर्तन है, जिसकी हम बात कर रहे हैं।

हम सभी परमात्मा की अद्भुत रचना हैं-
संस्थान के महासचिव राजयोगी बीके करुणा भाई ने कहा कि हमें स्वयं को बदलने के लिए एकाग्रता, अच्छे विचार और अच्छी संस्कृति की जरूरत होती है, जो ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा दी जा रही है। अच्छे विचार के साथ अच्छे संस्कार भी चाहिए। ब्रह्माकुमारीज़ एक आध्यात्मिक संगठन नहीं है। यहां हम सभी परमात्मा की अद्भुत रचना और उनकी दिव्य कलाकृति की सराहना करते हैं। उनका ध्यान लगाते हैं। यह शरीर भी परमात्मा की ही रचना है, किसी मनुष्य की बनाई हुई कृति नहीं। जब से इस दुनिया में डिजाइन और विकास की अवधारणा शुरू हुई, तब से लोगों की अपेक्षा रही है कि वे उस दिव्य ज्योति और परमात्मा के स्वरूप को पहचान सकें। ईश्वर की बनी सृष्टि में आप सभी निमित्त बनी हुईं विशेष महान आत्माएं हैं। सृजन का कार्य अपने आप में अनोखा और महान है। आप सभी भाग्यशाली हैं कि इनोवेशन के कार्य से जुड़े हैं।

दिल से दी गईं दुआएं कभी व्यर्थ नहीं जाती-
नई दिल्ली देसमेनिया डिजाइन प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं सीईओ अनुज प्रसाद ने कहा कि इस दुनिया को बदलने का डिजाइन एक माध्यम है। प्रकृति के अंदर जो गहराई है वह हमें प्रेरित करती है। सुर्बाना जुरोंग ग्रुप के साउथ एशिया के कार्यकारी निदेशक सुवीर पोपली, डिजाइन एवं इनोवेशन विंग की अध्यक्ष एवं पुणे जीपीओ सबजोन की निदेशिका उर्मिला दीदी ने कहा कि यदि हम दूसरों को दुआ देंगे तो हमारा भाग्य भी बनता है। दुआ दवा का काम करती है। दिल से दी गईं दुआएं कभी व्यर्थ नहीं जाती हैं। जब हम परमात्मा की श्रीमत पर चलते हैं तो परमात्मा की दुआओं के पात्र बन जाते हैं। पुणे के लोकस डिजाइन के निदेशक शेखर बडवे, विंग की उपाध्यक्ष देहरादून की बीके मंजू दीदी विंग, उपाध्यक्ष बीके सविता बहन, संरक्षक बीके सुशील, राष्ट्रीय समन्वयक बीके श्रीनिवास भाई व बीके अनिल भाई, मुख्यालय संयोजक बीके रुपम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संचालन करीमनगर की बीके मनीषा दीदी ने किया।
—————————–




