सभी आध्यात्मिक जगत की सबसे बेहतरीन ख़बरें
ब्रेकिंग
ब्रह्माकुमारीज़ का नशामुक्त भारत अभियान सराहनीय है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मम्मा कहती थीं हर घड़ी अंतिम घड़ी है: राजयोगिनी बीके मुन्नी दीदी प्राणायाम और राजयोग से दिया तन-मन को स्वस्थ रखने का संदेश ब्रह्माकुमारीज़ के इतिहास में एक नया अध्याय लिख गईं दादी रतनमोहिनी नारी केवल शक्ति का रूप नहीं, बल्कि वह समाज की शिल्पी है: बीके ऊषा दीदी गौरवपूर्ण वृद्धावस्था और सम्मानित जीवन हमारी संस्कृति है: केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार आने वाले समय में ब्रह्माकुमारीज़ विश्व शांति के प्रयासों का प्रमुख केंद्र होगा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
ब्रह्माकुमारीज़ का नशामुक्त भारत अभियान सराहनीय है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

ब्रह्माकुमारीज़ का नशामुक्त भारत अभियान सराहनीय है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

मुख्य समाचार

– प्रधानमंत्री ने पत्र भेजकर नशामुक्त भारत अभियान की सराहना की
– ब्रह्माकुमारीज़ और भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय एवं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के साथ चलाया जा रहा है देशव्यापी अभियान
– अब तक 27640 कार्यक्रम देशभर में आयोजित

फैक्ट फाइल-
27640 कार्यक्रम तीन साल में आयोजित
3.54 करोड़ लोगों को दिलाया नशामुक्ति का संकल्प
50 हजार पाठशालाओं में हुए कार्यक्रम
02 लाख वालेंटियर भाई-बहनें अभियान से जुड़े
02 हजार डॉक्टर, नर्स ने दी नि:शुल्क सेवा
45 साल से मेडिकल विंग नशा मुक्ति की जगा रहा है अलख

शिव आमंत्रण, आबू रोड (राजस्थान)। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के मेडिकल विंग द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्त भारत अभियान की सफलता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने संस्थान काे शुभकामना संदेश भेजकर कहा कि मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई कि ब्रह्माकुमारीज़ नशा मुक्त भारत अभियान के समर्थन में एक राष्ट्रव्यापी जन-आंदोलन का आयोजन कर रही हैं। इस सार्थक पहल के लिए मैं उन्हें हार्दिक बधाई देता हूँ, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा ‘नशा मुक्त भारत’ के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प को सुदृढ़ करना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे लिखा कि जब भारत ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ अग्रसर है, तब हमारी सबसे बड़ी शक्ति हमारी युवा पीढ़ी की ऊर्जा, प्रतिभा और आकांक्षाएं हैं। नशे की गिरफ्त से मुक्त प्रत्येक युवा नवाचार, उद्यमिता और सेवा के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति में अपना पूर्ण योगदान दे सकता है। इसलिए युवाओं को इस बुराई से दूर रखना केवल सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय कर्तव्य भी है।
इसके अतिरिक्त, नशाखोरी की चुनौती केवल किसी एक व्यक्ति के जीवन तक सीमित नहीं है। यह परिवारों को कमजोर करती है, सामाजिक समरसता को क्षति पहुंचाती है और राष्ट्र को उसकी युवा शक्ति की अपार संभावनाओं से वंचित कर देती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा है कि ऐसे में यह हर्ष का विषय है कि ब्रह्माकुमारीज़ आध्यात्मिक जागरूकता, मूल्य-आधारित शिक्षा, राजयोग ध्यान तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से देशभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों, गांवों और विभिन्न समुदायों तक यह संदेश पहुंचा रही है। इस प्रकार के प्रयास नशा मुक्ति के राष्ट्रीय अभियान को सशक्त बनाते हैं, क्योंकि वे लोगों को सकारात्मक जीवन-निर्णय लेने के लिए प्रेरित करते हैं और ऐसा वातावरण निर्मित करते हैं जहां जागरूकता, परामर्श, पुनर्वास तथा सामुदायिक सहयोग मिलकर जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकें। यह ‘जनभागीदारी’ की सच्ची भावना को भी प्रतिबिंबित करता है, जिसमें समाज का प्रत्येक वर्ग एक स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय सहभागी बनता है। मेरी कामना है कि यह जन-आंदोलन नशा मुक्त भारत के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प को और अधिक मजबूत करे तथा विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने में सहायक बने।

तीन साल में 27640 कार्यक्रम, साढ़े तीन करोड़ लोगों को दिया संदेश-
मेडिकल विंग के सचिव डॉ. बनारसी लाल ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज़ के मेडिकल विंग द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्त भारत अभियान को लेकर भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय एवं गृह मंत्रालय नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के साथ तीन साल के लिए एमओयू साइन किया गया था। इसके तहत देशभर में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा तीन साल में 27640 कार्यक्रम के माध्यम से 3.54 करोड़ लोगों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया गया। इसमें दो लाख से अधिक भाई-बहनों और दो हजार डॉक्टर्स ने वालेंटियर के रूप में सेवाएं दीं। मेडिकल विंग पिछले 45 साल से स्वस्थ भारत के संकल्प के साथ सेवाओं में जुटा है।
—————–
नशा मुक्त भारत अभियान जन अभियान बन गया है। जन-जन तक इस मुहिम का संदेश ब्रह्माकुमार भाई-बहनों द्वारा पहुंचाया गया है। ब्रह्माकुमारीज़ के साथ मिलकर नशामुक्त भारत अभियान को लेकर हमारे मंत्रालय ने एमओयू साइन किया था। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
– डॉ. वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री, भारत सरकार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *